नूंह। फर्रुखनगर से कंटेनर में अमेजन कंपनी का सामान भरकर ला रहे ड्राइवर द्वारा 47 लाख रुपये के मोबाइल एवं एप्पल की घड़ियां चोरी करने का मामला सामने आया है। सिंहल ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर अशोक कुमार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पुन्हाना स्थित नहेदा गांव निवासी ड्राइवर मौसिम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैनेजर अशोक कुमार ने शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का कंटेनर अमेजन कंपनी का माल फर्रुखनगर से भरकर बंगलूरू के लिए 15 सितंबर को सुबह 11 बजे चला था। इसका चालक मौसिम था। चालक को केएमपी से पलवल, मथुरा, आगरा होते हुए बंगलूरू स्थित अमेजन कंपनी के ऑफिस में जाना था। लेकिन, रास्ते में ड्राइवर मौसिम ने कंटेनर को नूंह की ओर मोड़ दिया। नूंह खंड के गांव कलींजर में गाड़ी को एक घंटे खड़ा रखा। इसके बाद मौसिम इस गाड़ी को लेकर बंगलूरू पहुंचा। कंपनी की पार्किंग में गाड़ी को खड़ी कर फरार हो गया। अमेजन कंपनी के कर्मचारियों ने गाड़ी को खाली करवाने के लिए ड्राइवर को बुलाया तो वह वहां नहीं मिला और इसका फोन नंबर भी बंद मिला। सिंहल ट्रांसपोर्ट कंपनी के और ड्राइवरों ने गाड़ी को खाली करने के लिए लगाया तो उसमें से 47 लाख रुपये के 131 आइटम, जिनमें मोबाइल एवं एप्पल की घड़िया गायब मिली। अशोक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मौसिम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सामान निकालकर गाड़ी पर लगा दी डुप्लीकेट सील
अमेजन कंपनी का माल ले जाने वाली इस गाड़ी पर चार सील लगी हुई थी। शातिर ड्राइवर ने गाड़ी से सामान चोरी कर उस पर डुप्लीकेट सील लगा दी।