ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर पाई-1 स्थित कैसिया ई-स्टेट पॉकेट-ए में पिछले शनिवार से पेयजल आपूर्ति ठप होने के कारण निवासी परेशानी का सामना कर रहे हैं। लगातार कई दिनों से पानी नहीं आने की वजह से लोगों के घरों का दैनिक कामकाज प्रभावित हो गया है। हालांकि प्राधिकरण ने राहत के तौर पर पानी के टैंकर भेजे हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि इससे उनकी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।
निवासी जितेंद्र भाटी ने बताया कि नियमित जलापूर्ति बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत पीने के पानी और घरेलू कामों में आ रही है। कई परिवारों को सीमित मात्रा में मिले पानी से पूरे दिन का काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की ओर से भेजे जा रहे पानी के टैंकर पर्याप्त नहीं हैं। टैंकरों से मिलने वाला पानी जरूरत के मुकाबले काफी कम है, जिसके कारण लोगों को पानी का बहुत संभालकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी नहीं आने से घरों के सामान्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं और लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। निवासियों ने प्राधिकरण से जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।