कलाधाम सोसाइटी में पार्किंग में बोरवेल का निर्माण की जांच रिपोर्ट समिति ने सीईओ को दी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कलाधाम सोसाइटी में पार्किंग में बोरवेल का निर्माण आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों की मौखिक सहमति से कराया जा रहा था। ग्रेनो प्राधिकरण की जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में इस तथ्य को शामिल किया है। छह साल के अव्यान की मौत के मामले में मंगलवार को सीईओ रवि कुमार एनजी को विस्तृत रिपोर्ट जांच समिति ने सौंप दी है।
सीईओ के आदेश पर हादसे की जांच ओएसडी अभिषेक पाठक और जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह की समिति कर रही है। इस रिपोर्ट को अब शासन को सीईओ अपनी संस्तुति के साथ भेजेंगे। जीएम प्रोजेक्ट का कहना है कि हादसे के लिए कई स्तरों पर लापरवाही मिली है। इस रिपोर्ट में सहायक प्रबंधक, प्रबंधक और ठेकेदार सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। इसके अलावा कलाधाम सोसाइटी के आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को भी आरोपित माना गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सोसाइटी के अंदर बोरवेल का काम आरडब्ल्यूए की मौखिक सहमति के बाद ही शुरू किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों और ठेकेदार पर कार्रवाई
प्राधिकरण ने इस मामले में वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को पहले ही भेज दी है। इन सभी को फिलहाल ग्रेनो वेस्ट के कार्यालय से अटैच कर दिया है। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदार को प्राधिकरण ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। दूसरे विकास प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी को यह पत्र भेजा गया है। ताकि भविष्य में उसे कोई भी सरकारी या प्राधिकरण का काम न मिल सके।
पुलिस जांच में भी फंस सकते हैं आरडब्ल्यूए पदाधिकारी
प्राधिकरण की रिपोर्ट के बाद अब पुलिस भी मामले की आगे जांच करेगी। सूत्रों के अनुसार आगामी जांच के दौरान पुलिस अपनी विवेचना में आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों को भी शामिल करेगी। प्राधिकरण का मानना है कि बिना लिखित अनुमति के काम शुरू कराना और निगरानी न करना दोनों पक्षों की साझा लापरवाही है।