- यमुना एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ेगा 74.3 किमी लंबा लिंक एक्सप्रेसवे
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद अब लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। यमुना एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए यूपीडा लिंक एक्सप्रेसवे की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है। मई तक डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा। जिससे जल्द लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण का काम शुरू हो सके। एयरपोर्ट का उद्घाटन बीते 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर चुके हैं। मध्य अप्रैल से यहां पर उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। उड़ानें शुरू होने के बाद लोग नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसी के देखते हुए इसकी कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।
मेरठ से प्रयागराज तक जाता है गंगा एक्सप्रेसवे
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरह गंगा एक्सप्रेसवे भी सरकार का महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट है। यह मेरठ से सीधे प्रयागराज तक जाता है। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों को जोड़ता हुआ 12 शहरों से होकर गुजरता है। गंगा एक्सप्रेसवे से यमुना एक्सप्रेसवे और ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले लोगों को सुविधा होगी। लिंक एक्सप्रेसवे यूपीडा का प्रोजेक्ट है और इसके सैद्धांतिक रूप से सरकार की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है।
120 मीटर होगी चौड़ाई
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रदेश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए 120 मीटर चौड़ाई वाला लिंक एक्सप्रेसवे तैयार किया जाएगा। एक्सप्रेसवे का 20 किमी हिस्सा गौतमबुद्धनगर से गुजरेगा। यह क्षेत्र यमुना प्राधिकरण के अंतर्गत आता है। वहीं करीब 54.3 किमी का हिस्सा बुलंदशहर से गुजरेगा। बुलंदशहर के स्याना से जाने वाले गंगा एक्सप्रेसवे को यमुना सिटी के फिल्म सिटी के नजदीक 120 मीटर रोड पर जोड़े जाने की योजना है।