नगर परिषद कार्यालय से डोर टू डोर कचरा उठान गाड़ियों को रवाना करते प्रधान और उपप्रधान। स्रोत : न
फतेहाबाद। नगर परिषद ने शहर के डोर टू डोर कचरा उठान के लिए निजी एजेंसी को ठेका दे दिया है। शुक्रवार से एजेंसी ने नगर परिषद से उधार पर गाड़ियां लेकर कचरा उठान शुरू कर दिया है। पहले दिन शहर में कहीं गाड़ियां नहीं पहुंची तो कहीं पर चार घंटे की देरी से दोपहर 12 बजे बाद पहुंचीं।
एजेंसी पहले दिन खुद की 10 गाड़ियां लेकर पहुंची, ऐसे में 10 गाड़ियां नगर परिषद से अनुबंध पर उधारी ली गई। इसके बाद कचरा उठान शुरू हुआ। ये ही नहीं कंपनी ने आरएफआईडी लगाने का काम भी पूरा नहीं किया है। आरएफआईडी (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) से ही मॉनिटरिंग होनी है। नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी की तरफ से 9138384007 मोबाइल नंबर जारी किया है। इस पर गाड़ी न आने पर शिकायत दर्ज करवा सकते है।
गाड़ियों को रवाना करने पहुंचे नगर परिषद प्रधान-उपप्रधान
नगर परिषद में लंबे समय से हाउस की बैठक नहीं हो रही है। इस पर पार्षद नाराज हैं और उपप्रधान सविता टुटेजा भी विरोध कर चुकी हैं। शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय से गाड़ियों को रवाना करने के लिए प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची और उपप्रधान सविता टुटेजा पहुंचीं। इस दौरान नगर परिषद के सीएसआई सतपाल सैनी, एसआई राहुल और महेश मौजूद रहे।
हंस कॉलोनी में साढ़े 12 बजे पहुंची गाड़ी
शहर के हंस कॉलोनी में कचरा उठान गाड़ी दोपहर साढ़े 12 बजे पहुंची। कॉलोनी निवासी रवि ने बताया कि गाड़ी का समय सुबह 8 बजे तक होना चाहिए। ठाकर बस्ती निवासी मदन लाल ने कहा कि दोपहर एक बजे गाड़ी पहुंची।