पार्किंग से लेकर बोर्डिंग तक मिलेगी सहायता, तैयार किए गए विशेष विश्राम कक्ष
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा एयरपोर्ट दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके लिए एयरपोर्ट प्रबंधन एंड-टू-एंड असिस्टेंस मॉडल लागू कर रहा है। इसके लिए पार्किंग से लेकर विश्राम कक्ष तक की विशेष व्यवस्था की गई है।
एयरपोर्ट परिसर पर वाहन से पहुंचने वाले यात्रियों को पार्किंग से ही विशेष टीम रिसीव करेगी। प्रशिक्षित टीम यात्री की आवश्यकतानुसार इलेक्ट्रिक बैगी और बैगेज सपोर्ट प्रदान करेंगे। प्रत्येक टर्मिनल के भीतर विशेष विश्राम कक्ष भी बनाए गए हैं। इनमें एंटी-स्लिप फ्लोरिंग, हैंड-रेल, चौड़े दरवाजे, ब्रेल साइनज, ऑडियो-गाइड सिस्टम और आरामदायक बैठने की सुविधा होगी।
एयरपोर्ट का आर्किटेक्चर बैरियर फ्री ट्रेवल के रूप में तैयार किया गया है। असिस्टेंस सर्विस पाने के लिए यात्रियों को एयरलाइन या एयरपोर्ट पोर्टल के माध्यम से यात्रा से पहले सूचना देनी होगी ताकि एयरपोर्ट की सहायक टीम दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा के अनुसार व्हीलचेयर, बैगी और एस्कॉर्ट सर्विस की अग्रिम व्यवस्था कर सके।
डिपार्चर और अराइवल लेन-1 पर विशेष ड्रॉप-पिकअप
एयरपोर्ट ने दिव्यांग व बुजुर्ग यात्रियों के लिए समर्पित लेन तय की है। डिपार्चर लेन-1 पर यात्रियों को ड्रॉप किया जाएगा जिससे भीड़भाड़ और लंबी दूरी से बचा जा सके। आगमन पर इन यात्रियों का पिकअप अराइवल लेन-1 से किया जाएगा। इस दौरान उनके सहयोगियों को भी साथ रखा जाएगा।