-अनुज को पिस्टल मुहैया कराने वाले की तलाश में जुटी पुलिस, .32 बोर की अवैध पिस्टल का हुआ था प्रयोग
विज्ञापन
-छात्रा की गोली मारकर हत्या व खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए स्वयं दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/दादरी। शिवनादर विश्वविद्यालय में छात्रा की गोली मारकर हत्या करने के बाद छात्र के खुदकुशी करने के मामले में पुलिस ने दादरी कोतवाली में अनुज के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। अनुज को पिस्टल और कारतूस मुहैया कराने वाले की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं अनुज को किसी ने हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाया तो नहीं था। पुलिस ने पिस्टल व दो कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि अनुज व नेहा के परिजनों की तरफ से अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
पुलिस ने बताया कि जनपद अमरोहा के सोनगढ़ गांव निवासी अनुज कुमार शिवनादर विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा था। छात्र के साथ कानपुर निवासी छात्रा नेहा भी पढ़ाई कर रही थी। दोनों में करीब दो वर्ष से दोस्ती थी। अनुज ने बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय स्थित डाइनिंग हॉल के पास छात्रा को बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद छात्र ने हॉस्टल के 328 कमरे में खुद को गोली मारकर आत्म हत्या कर ली थी।
विज्ञापन
घटना की सूचना विश्वविद्यालय के सुरक्षा प्रभारी राजीव कुमार ने पुलिस को दी थी। छात्र के पास से पिस्टल, दो कारतूस और खोखे बरामद किए थे। इस मामले की रिपोर्ट उप निरीक्षक मनोज कुमार राय ने कोतवाली में आर्म्स एक्ट में दर्ज कराई थी। अनुज ने .32 बोर की पिस्टल का प्रयोग किया था।
विवि में सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल
पिस्टल विश्वविद्यालय में किस तरह से पहुंची। सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी। जो जांच में तथ्य सामने आते हैं उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि विश्वविद्यालय प्रबंधन व सुरक्षा अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
घटना के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। छात्र-छात्रा के परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है।
सार्थक सेंगर, एसीपी दादरी क्षेत्र