- दयानतपुर सिलिंडर ब्लास्ट से परिवार के दो लोगों की हो गई थी मौत
- वीरपाल की मौत के बाद शकुंतला पर बेटी की शादी की जिम्मेदारी, बेड में रखे रुपये, कार्ड और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख
फिरदौस आलम
यमुना सिटी।
दयानतपुर गांव में हुए सिलेंडर ब्लास्ट ने 23 वर्षीय काजल की दुनिया पलभर में उजाड़ दी। सोमवार शाम हुए तेज धमाके में काजल के पति अभिषेक की मौत हो गई, जिससे उनके सिर से सुहाग का साया हमेशा के लिए उठ गया। वहीं, हादसे में पति वीरपाल की मौत के बाद पत्नी शकुंतला पर बेटी धीरज कुमारी की शादी की जिम्मेदारियां आन पड़ी हैं। जब यह हादसा हुआ, उस समय घर में मृतक वीरपाल की बेटी धीरज की शादी की तैयारियां चल रही थी। हादसे के वक्त वह अपनी मां के साथ मंदिर गई थीं, जिससे उनकी जान बच गई। इस हादसे ने कन्यादान करने वाले उनके पिता और डोली उठाने वाले उनके भाई को हमेशा के लिए छीन लिया।
परिजन ने बताया कि इस त्रासदी ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। कालिख से सनी दीवारों और राख के ढेर में दबी चूड़ियां उस खुशहाल गृहस्थी की याद दिलाती हैं, जो कुछ ही पलों में आग की भेंट चढ़ गई। काजल का सुहाग तो छिन गया, लेकिन पति की निशानी के रूप में उनके दो मासूम बच्चे रह गए हैं। हादसे में काजल खुद भी झुलस गईं और उनका तीन वर्षीय बेटा आदित्य भी गंभीर रूप से झुलस गया, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत अभी स्थिर है।
शादी के रुपये, निमंत्रण पत्र और पूरी गृहस्थी राख : हादसे में बेटी धीरज कुमारी की शादी के लिए जुटाया गया सामान भी जलकर राख हो गया। परिजन ने बताया कि बेड के नीचे रखे शादी के रुपये, छपे हुए निमंत्रण पत्र, कपड़े और चूड़ियां सब कुछ आग में स्वाहा हो गए। हालांकि परिजनों ने धीरज की शादी का कुछ सामान उनके ससुराल पहले ही भेज चुके थे। मृतक वीरपाल की मां रामवती ने बताया कि हादसे के वक्त वह आंगन में मौजूद थीं। धमाके और आग की लपटें देखकर वह बेहोश हो गई थीं। जब उन्हें होश आया तो घर की अलमारी, बेड, टीवी, पंखा और वाशिंग मशीन समेत गृहस्थी का सारा सामान जल चुका था।
न कन्यादान के लिए पिता रहे, न डोली उठाने के लिए भाई : दरअसल, जेवर के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम करीब 6ः30 बजे घर में रखे एलपीजी सिलिंडर में गैस रिसाव होने से सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की पिता-पुत्र वीरपाल (56) और अभिषेक (25) की मौत हो गई, जबकि अभिषेक की पत्नी काजल और उनका तीन वर्षीय मासूम बेटा आदित्य झुलस गया था।
गमगीन माहौल में किया गया पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार : पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार सुबह जब वीरपाल और अभिषेक के शवों को दयानतपुर गांव लाया गया, तो गांव में चीख-पुकार मच गई। आसपास के गांवों से ग्रामीण और परिजन दोनों के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। पिता-पुत्र की चिता को जलते देख मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।