- गठित की गई विशेष टीम भी रात में नहीं एक्टिव, आपूर्ति में नहीं हो रहा सुुधार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। क्षमता वृद्धि, नए ट्रांसफार्मर और केबल बदलने के दावों के बावजूद उपभोक्ताओं को लगातार घंटों बिजली कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शनिवार और रविवार काे झुलसाने वाली गर्मी के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिली तो वे परेशान रहे। बिजली न होने की वजह से कई सेक्टरों में उपभोक्ताओं को पूरी रात गर्मी में बितानी पड़ी। शिकायत के बाद भी विद्युत निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंच रही हैं।
हालात यह हैं कि कई सेक्टरों में रोजाना पांच से सात घंटे तक बिजली कटाैती की जा रही है। रात के समय होने वाली कटौती ने लोगों की नींद और दिनचर्या दोनों प्रभावित कर दी हैं। शहर के आधे से अधिक सेक्टरों में शनिवार रात से रविवार को बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई इलाकों में बिजली आने के बाद भी कुछ ही मिनटों में आपूर्ति दोबारा ठप हो गई। सेक्टर-22, 23, 34, 41, 51, 52, 61, 70, 71, 73, 75, 76, 77, 78, 93, 100, 110, 137 और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने लंबे समय तक बिजली बाधित रहने और लो वोल्टेज की शिकायतें की हैं।
एक दिन पहले बदला बॉक्स भी फुंका : सेक्टर 71 में शनिवार को विद्युत आपूर्ति सुधारने के लिए नया बॉक्स लगाया गया था। ये बॉक्स चौबीस घंटे भी नहीं टिक पाया। बिजली का वोल्टेज इतना बिगड़ गया कि बॉक्स ही फुंक गया। सेक्टर की निवासी निहारिका ने बताया कि रविवार को बॉक्स फुंकने की वजह से पूरी दोपहरी गर्मी में परेशान होना पड़ा। ऐसे ही सेक्टर 11, 63, 76 समेत कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं जो कि आपूर्ति बहाल बनाए रखने में फेल साबित हो रहे हैं।
गश्त करने के लिए बनाई टीम भी गायब : आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान के लिए विद्युत निगम ने मई के महीने में पंद्रह नोडल अधिकारी नियुक्त किए थे। नोडल अधिकारियों को देर रात तक उपभोक्ताओं के बीच रहकर उनकी समस्याओं को हल कराना था। फाल्ट होने पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का जल्द समाधान करने के लिए ये व्यवस्था बनाई थी। कुछ दिनों तक तो टीम उपभोक्ताओं के बीच रातभर मौजूद रही लेकिन धीरे-धीरे ये व्यवस्था गायब हो गई।
- विद्युत व्यवस्था बेहतर करने के लिए लगातार कार्य कराए जा रहे हैं। जिन जगहों से शिकायतें प्राप्त होती हैं वहां टीम भेजकर समस्या का समाधान भी कर रही है।
- विवेक कुमार, अधीक्षण अभियंता तकनीकी, विद्युत निगम