- सेक्टर-50 स्थित मेंदाता अस्पताल में हुआ हंगमा, पीड़ित ने सीएमओ को लिखित शिकायत देकर की जांच की मांग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-50 स्थित निजी अस्पताल में बुखार का इलाज कराने आए मरीज को बुखार के इलाज की जगह पथरी निकलने का बिल धमा दिया। आरोप है कि इसकी जानकारी जब अस्पताल प्रशासन को दी तो कर्मचारियों ने मरीज के परिजनों के साथ अभद्रता की। इसके बाद परिजन भड़क गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सोमवार को परिजनों ने पुलिस और सीएमओ को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर-76 निवासी सुनील ने बताया कि शुक्रवार की रात उसके दोस्त रामू की तबीयत खराब हो गई थी, ऐसे में वह सेक्टर-50 स्थित मेंदाता अस्पताल ले गए थे, जहां पर डॉक्टर उल्टी दस्त होने के कारण तेज बुखार आने की बात कहां कर भर्ती कर लिया। आरोप है कि भर्ती के बाद दो दिन तक कोई भी सीनियर डॉक्टर मरीज को देखने के लिए नहीं आया तो परिजनों ने अस्पताल प्रशासन से छुट्टी करने की बात कही। इसके बाद अस्पताल ने 86 हजार रुपये का बिल जमा करने की बात कही। परिजनों ने बिल जमा कर दिया। इसके बाद अस्पताल ने उनको बिल निकालकर दे दिया। इसमें बुखार के इलाज के साथ ही पथरी निकालने का भी बिल जोड़ रखा। इसके साथ ही कोविड जांच के रुपये भी लगा दिए थे, जबकि इस तरह का कोई उपचार ही नहीं किया गया था। आरोप है कि इस संबंध में अस्पताल के कर्मचारी से बात की तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। वहीं सोमवार को पूरे मामले की जांच के लिए परिजनों ने सीएओ को भी शिकायत दी है।
बुखार के साथ पथरी के इलाज का बिल बनाकर देने के मामले में शिकायत आई है। इसमें जांच के लिए टीम बना दी गई है, जल्द ही टीम मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। -डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, सीएमओ