मेट्रो लाइन पर क्रेन का उपकरण गिरने पर जारी होगा बिल्डर को नोटिस
-सेक्टर-72 निर्माणधीन वाणिज्यिक इमारत में लगी क्रेन का हिस्सा गिरने से रविवार को प्रभावित हुआ था मेट्रो संचालन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-51 के पास मेट्रो की एक्वा लाइन पर निर्माणधीन इमारत में लगी क्रेन का उपकरण टूटकर गिरने पर नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) सख्ती बरतेगा। इसके लिए सेक्टर-72 स्थित वाणिज्यिक प्लॉट के आवंटी को एनएमआरसी प्राधिकरण के जरिए नोटिस जारी करेगा। रविवार की शाम लोहे का यह हिस्सा गिरने से ट्रैक के ऊपर गुजरने वाली बिजली लाइन को ट्रेन से जोड़ने वाला पेंटोग्राफ टूट गया था। ऐसे में मेट्रो सेक्टर-51 के सामने ठहर गई थी। दूसरी मेट्रो के जरिए खड़ी मेट्रो को आगे बढ़ाया गया था। इस दौरान करीब 45 मिनट तक मेट्रो संचालन प्रभावित हुआ था। एनएमआरसी के कार्यकारी निदेशक क्रांति शेखर सिंह ने बताया कि एमथ्रीएम बिल्डर के नाम पर यह प्लॉट आवंटित है। बिल्डर को नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही मेट्रो टेन संचालन में लगे स्टॉफ को भी नोटिस जारी होगा। जिस समय मेट्रो टैक पर आ रही थी क्रेन की दिशा मेट्रो ट्रैक की तरफ नहीं होनी चाहिए थी। आगे ऐसा कोई व्यवधान न आने पाए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।