-ग्रेनो वेस्ट के बिसरख गांव के खसरा नंबर 666 पर अवैध निर्माण करने का मामला
-प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ने बिसरख गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में पूर्व प्रधान समेत 5 लोगों पर केस दर्ज कराया है। प्राधिकरण अफसरों ने बताया कि बिसरख गांव के खसरा नंबर 666 में प्राधिकरण की 10000 वर्ग मीटर जमीन है। जिस पर गांव के कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे थे। करीब 10 दिन पहले जमीन पर अवैध निर्माण कराने का प्रयास किया गया। तब प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम रूकवा दिया था पर अगले दिन आरोपी ने फिर से जमीन पर निर्माण कार्य कराया।
इसके बाद प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक रियाजुद्दीन ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दी। आरोप है कि खसरा नंबर 666 की भूमि प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में हैं। जमीन का अधिग्रहण हो चुका है और प्राधिकरण का कब्जा भी है। जमीन पर किसान और प्लॉटिंग करने वाले मिलकर चहारदीवारी का निर्माण करा रहे थे। बिसरख कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक की शिकायत पर अरविंद, मोहित, पूर्व प्रधान अजय भाटी, संजय और राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।