- सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव में पानी की निकासी और कूड़ा डालने को लेकर हुआ था विवाद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। साकीपुर गांव में नाली के पानी की निकासी एवं कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में एलएलबी के छात्र की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुत्रों को उकसाने वाली मां को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान वीरमती (59) निवासी गांव साकीपुर के रूप में हुई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक साजन भाटी के परिजन (चाचा) द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से आरोपी वीरमती पत्नी कालू को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला ने घटना में अपने पुत्रों मंगेश व वीर सिंह को उकसाकर वारदात कराई थी। पुलिस द्वारा आरोपी वीर सिंह व मंगेश उर्फ टिल्लू को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
गहरी दोस्ती खूनी दुश्मनी में बदली : साकीपुर में एलएलबी छात्र की हत्या ने सिर्फ एक परिवार का बेटा नहीं छीना, बल्कि वर्षों पुरानी दोस्ती और आपसी रिश्तों को भी खत्म कर दिया। गांव में इस वारदात के बाद शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मृतक साजन भाटी और आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू के परिवारों के बीच लंबे समय से बेहद करीबी संबंध थे। दोनों परिवार एक-दूसरे के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहते थे। करीब नौ महीने पहले साजन की शादी में आरोपी पक्ष पूरे परिवार के साथ शामिल हुआ था। दोनों परिवार आर्थिक रूप से संपन्न हैं। पहले भूमि अधिग्रहण के बदले करोड़ों रुपये का मुआवजा भी मिल चुका है।