- फीस जमा कर लौट रहे छात्र को कॉलेज गेट पर घेरा
- भागने पर चाय की दुकान पर फिर पकड़कर मारा, जान से मारने की धमकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नालेज पार्क-3 स्थित एक निजी कॉलेज के बाहर कुछ छात्रों ने एमबीए छात्र के साथ मारपीट करने और बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की शिकायत पर थाना नॉलेज पार्क में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वाराणसी निवासी हर्ष कुमार सिंह निजी कॉलेज में एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह फीस जमा कर कॉलेज से लौट रहे थे। तभी कॉलेज के बाहर दक्ष गुप्ता, गौरव झा, गौतम यादव, हर्ष सिंह अपने 10-15 साथियों के साथ उन्हें मारने-पीटने और गाली-गलौज करने लगे। जान बचाकर वह किसी तरह कॉलेज परिसर में भागे और अपने वॉर्डन को फोन कर सूचना दी। पीड़ित के अनुसार जब वह हॉस्टल की ओर जा रहे थे। तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में फिर पकड़ लिया। चाय की दुकान पर शराब पी रहे इन आरोपियों ने अपने एक दोस्त आयुष मिश्रा को फोन कर बुलाया, जो अपने तीन अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और सभी ने मिलकर छात्र के सिर व मुंह पर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
आरोपियों ने पीड़ित को बंधक बनाकर पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह मौके से भागकर पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल की। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।