टेक कंपनी के निदेशक ने 22वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या -सेक्टर-107 स्थित प्रतीक एडिफिस सोसाइटी की घटना, पुलिस को अभी कोई शिकायत नहीं मिली
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-107 प्रतीक एडिफिस सोसाइटी के 22 वें मंजिल के फ्लैट से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से एक टेक कंपनी के निदेशक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजन व अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे को आत्महत्या माना है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। न ही इसको लेकर परिवारीजन की तरफ से अभी पुलिस को कोई शिकायत दी गई है।
थाना सेक्टर-39 पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-107 स्थित प्रतीक एडिफाइज सोसाइटी के एफ टॉवर में सज्जल मेहरोत्रा रहते थे। वह सेपियंट कंपनी में निदेशक थे। रविवार सुबह सज्जल ने 22वीं मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। घटना के बाद परिवार के लोगों और सिक्योरिटी गार्डों की मदद से घायल को नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सज्जल की शादी करीब दस साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी की यह दूसरी शादी थी, वर्तमान में वह एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। स्थानीय लोग आत्महत्या से इतर अन्य घटना की भी आशंका जता रहे हैं। लेकिन पुलिस ने प्राथमिक जांच में इससे इनकार किया है।
आत्महत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पूरे घटनाक्रम को जानने के लिए पुलिस सोसाइटी के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज देख रही है। मृतक के मोबाइल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की पत्नी से भी पुलिस पूछताछ कर सकती है। पुलिस को सोसाइटी के कुछ लोगों ने यह भी बताया है कि सज्जल बीते कुछ दिनों से किसी बात को लेकर तनाव में थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद रविवार को ही परिवारीजन ने अंतिम संस्कार कर दिया।