- यूपी बोर्ड: गौतमबुद्ध नगर में 10वीं में 93.49 फीसदी और 12वीं में 86.51 प्रतिशत विद्यार्थियों को मिली सफलता
नंबर गेम
हाई स्कूल
पंजीकृत परीक्षार्थी - 22,774
परीक्षा में बैठे - 21,587
पास हुए - 20,181
इंटरमीडिएट
पंजीकृत परीक्षार्थी - 20,175
परीक्षा में बैठे - 19,502
पास हुए - 16,572
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने बृहस्पतिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। हाईस्कूल (10वीं) में गौतमबुद्ध नगर के 93.49 प्रतिशत और इंटरमीडिएट (12वीं) में 86.51 फीसदी विद्यार्थियों को सफलता मिली है। 10वीं में सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर, जेवर के देवेश कुमार ने 600 में से 566 अंक लाकर जिले में पहला स्थान हासिल किया। वहीं इंटर में केसीएस बालिका इंटर कॉलेज, सूरजपुर की छात्रा हिमांशी शर्मा 500 में 456 अंक हासिल कर जिले में अव्वल रहीं। देवेश ने 94.33 प्रतिशत और हिमांशी के 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा के लिए 22,774 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। जिसमें से 21,587 ने परीक्षा दी इनमें 20,181 को सफलता मिली है। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 20,175 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। जिसमें से 19502 परीक्षा में बैठे इनमें 16,572 पास हुए। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में जिले में दूसरे स्थान पर एसबीएस इंटर कॉलेज रोजा जलालपुर की ऋषिका कुमारी (93.17 फीसदी) और तीसरे पायदान पर एसआरएस इंटर कॉलेज खेड़ा धर्मपुरा के हरिओम (93.00 फीसदी) ने जगह बनाई है। वहीं इंटर में मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज की गौरांगी (89.60 फीसदी) ने दूसरा व दयावती मेमोरियल इंटर कॉलेज दादरी की गुड़िया कुमारी (81.00 फीसदी) ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
प्रोफेसर बनना चाहती हैं हिमांशी
इंटर के परिणाम में जनपद में टॉप करने वाली लखनावली के निवासी हिमांशी के पिता किसान हैं। हिमांशी हर विषय को बराबर समय देती थी। चार भाई बहनों में सबसे छोटी हिमांशी अपनी सफलता का श्रेय पिता के संघर्ष को देती हैं। वह शिक्षा के क्षेत्र में ही काम करना चाहती हैं और प्रोफेसर बनना चाहती हैं। वहीं देवेश कुमार ने सफलता का श्रेय माता पिता के साथ शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि वह आगे इससे भी अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।
परिणाम में लगाई लंबी छलांग
पिछले साल हाईस्कूल में जनपद को प्रदेश में 31वां स्थान मिला था। इस बार जनपद के छात्रों ने लंबी छलांग लगाकर 8वां स्थान हासिल किया है। वहीं इंटर ने पिछली बार जिले को प्रदेश में 14वां स्थान मिला था। इस बार इसमें दो पायदान का सुधार हुआ है। पिछले साल की अपेक्षा दोनों कक्षाओं में छात्राें ने शानदार प्रदर्शन किया है। नए डीआईओएस के कंधों पर जनपद की रैकिंग को बेहतर बनाए रखने का जिम्मा था। इनकी लीडरशिप ने जनपद को हाईस्कूल में प्रदेश में टॉप 10 और इंटर में टॉप 15 में पहुंचा दिया है।