बागपत। बागपत व खेकड़ा के साथ ही वाजिदपुर गांव में 30 से अधिक घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चार डेंगू व दो मलेरिया के मरीज मिलने के बाद लार्वा की जांच के लिए घर-घर अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें सबसे ज्यादा कूलर और फ्रीज में पीछे की तरफ लगी ट्रे में लार्वा मिला है। जिन घरों में लार्वा मिला है, उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस जारी कर सफाई के लिए कहा गया है।
लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाव और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगरीय क्षेत्रों में डोमेस्टिक ब्रीड चेकर नियुक्त किए थे। इनको जिले की तीनों नगर पालिका के अलावा सभी नगर पंचायतों में घर-घर जाकर लार्वा की जांच करने और लोगों को बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यहां अब तक 30 से अधिक घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। इसमें भी लार्वा कूलर, फ्रीज की ट्रे और घर के आसपास एकत्र हुए पानी में मिला है।