ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन के 5 एवेन्यू में गेट बंद होने के बाद खड़े निवासी और कर्मचारी।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित गौड़ सिटी वन के 5 एवेन्यू में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने रखरखाव की जिम्मेदारी नहीं मिलने पर शनिवार सुबह सोसाइटी के सभी गेट बंद कर प्रदर्शन किया। आरोप है कि बिल्डर रखरखाव की जिम्मेदारी नहीं दे रहा है। गेट बंद होने से करीब 30 मिनट तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुख्य गेट खुलवाया और बिल्डर के साथ बैठक कराई। गौड़ सिटी वन के 5 एवेन्यू में एओए का गठन हो चुका है। एओए बिल्डर से पूरे रखरखाव नहीं लेना चाहता है। केवल कॉमन एरिया के रखरखाव की जिम्मेदारी मांग रहे है, लेकिन बिल्डर देने को तैयार नहीं है। एओए के अध्यक्ष अनुपम जैन ने बताया कि इस संबंध में ग्रेनो प्राधिकरण से मदद मांगी थी।
प्राधिकरण ने सात जनवरी को रखरखाव की जिम्मेदारी देने के लिए बिल्डर को पत्र जारी किया। 20 जनवरी को यह पत्र एओए को मिला। पत्र का हवाला देकर एओए ने बिल्डर से जिम्मेदारी मांगी। पांच फरवरी को रखरखाव की जिम्मेदारी लेने की सूचना प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस को दी गई। शनिवार सुबह एओए की टीम रखरखाव की जिम्मेदारी लेने पहुंची, लेकिन बिल्डर ने नहीं दी। इसके बाद सभी गेटों को बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि गौड़ ग्रुप के मेंटेनेंस की एक टीम ने बैठक की। टीम एओए की मांगों को उच्च पदाधिकारियों के समक्ष रखेगी। उस पर फैसला लेकर एओए को जवाब देगी।
एओए ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक गेट पर बैठे रहेंगे। एओए अध्यक्ष ने बताया कि गेट बंद किए गए थे, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति अंदर आकर माहौल नहीं बिगाड़ दें। निवासियों की सुविधा के लिए एक गेट खोला था। रखरखाव की जिम्मेदारी मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं, एओए ने सुबह साढ़े 10 बजे सोसाइटी के सभी गेट को बंद कर दिया। यह समय लोगों के ऑफिस जाने का भी होता है। निवासियों का आरोप है कि करीब 30 मिनट तक गेट बंद रहा। गेट खोलने की अपील की, लेकिन नहीं खोला गया। फिर इसकी सूचना बिसरख कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट खुलवाया।