करप्शन फ्री इंडिया संगठन के सदस्यों ने अभिभावकों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के साथ मिलकर अभिभावकों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर निजी स्कूलों की मनमानी का विरोध किया। आरोप लगाया कि निजी स्कूल मनमाने ढंग से फीस वृद्धि कर रहे है। साथ ही स्कूलों में किताबों के नाम पर लूट चल रही है। अभिभावकों को किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। लोगों ने प्रदर्शन के बाद डीएम के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वाले अभिभावकों का कहना है कि निजी स्कूलों में मनमाने तरीके से फीस में वृद्धि की जा रही है। इसको रोकना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो बच्चों को पढ़ाना मुश्किल हो जाएगा। निजी स्कूलों को लेकर एक कमेटी बनाने की मांग की है ताकि फीस का निर्धारण मानकों के अनुसार ही हो सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में किताबों की दुकान खोल रखी है। एनसीईआरटी के साथ-साथ निजी पब्लिशर्स की किताबें बेची जा रही है। एनसीईआरटी की किताबों की कीमत 1000 रुपये है तो निजी पब्लिशर्स की किताबों की कीमत 5000 से अधिक होती है। अभिभावकों को किताबें खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो फिर प्रदर्शन के साथ भूख हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर संगठन के संस्थापक प्रवीण भारतीय, जिलाध्यक्ष चौधरी प्रेम प्रधान समेत बलराज, प्रेम, गौरव, कुलबीर, राकेश, हरीश, सरवन, श्रीचंद, नीरज, पुनीत, समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अगर अभिभावक शिकायत करेंगे तो जांच कर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभी इस तरह की शिकायत नहीं मिली है। स्कूलों को फीस वृद्धि और किताबों की बिक्री में नियमों का पालन करना होगा। -
डाॅ. धर्मवीर सिंह, डीआईओएस गौतमबुद्ध नगर।