पिनगवां । जैसे-जैसे तापमान लगातार बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बाजार में कूलर की मांग भी तेजी से बढ़ती जा रही है। भीषण गर्मी और लू के चलते लोग राहत पाने के लिए कूलर और पंखों का सहारा ले रहे हैं। खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों के बीच कूलर पहली पसंद बनकर उभर रहा है, क्योंकि यह एसी के मुकाबले सस्ता और बिजली की खपत में भी किफायती है।
स्थानीय बाजारों में दुकानदारों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में कूलर की बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। सुबह से लेकर देर शाम तक ग्राहक कूलर खरीदने के लिए दुकानों पर पहुंच रहे हैं। कई दुकानों पर तो लोकप्रिय मॉडल की कमी भी देखने को मिल रही है। जुनैद खान, सहुन खान आदि दुकानदारों का कहना है कि इस बार गर्मी जल्दी शुरू हो गई है, जिसके कारण अप्रैल महीने से ही कूलर की डिमांड बढ़ने लगी थी। वहीं, बढ़ती गर्मी के कारण लोग अब घरों के साथ-साथ दुकानों और दफ्तरों के लिए भी कूलर खरीद रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में भी कूलर की मांग बढ़ी है, जहां लोग भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए तेजी से कूलर खरीद रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे कूलर की बिक्री में और उछाल आने की उम्मीद जताई जा रही है। संवाद