उत्तर प्रदेश के कार्यकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर यहां भाजपा मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी आलाकमान से यूपी में सरकार गठन पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। इनके अलावा पिछली सरकार में यूपी के डिप्टी सीएम रहे केशव प्रसाद मौर्य भी मीटिंग में शामिल हुए। पार्टी नेताओं के बीच करीब साढ़े पांच घंटे तक चर्चा हुई।
यूपी में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव का भी बिगुल फुंक चुका है। सीएम योगी बैठक में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से एमएलसी चुनाव पर पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा कर रहे हैं। पार्टी नेता डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा के यूपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी उनके साथ बैठक में मौजूद हैं।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब एमएलसी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश की 36 विधान परिषद की सीटों पर नौ अप्रैल को मतदान होना है।