अमीषा और करिश्मा के दम पर दिल्ली चैलेंजर्स ने जीता मुकाबला
- गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में वंडर्स क्रिकेट क्लब को दस विकेट से हराया
- केकेसीए के न पहुंचने पर राइजिंग स्टार टीम को मिला वॉक ओवर
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित ग्राउंड पर खेले जा रहे राइजिंग स्टार गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को दिल्ली चैलेंजर्स क्रिकेट क्लब ने वंडर्स क्रिकेट क्लब को दस विकेट से करारी शिकस्त दी। अमीषा बहुखंडी ने शानदार गेंदबाजी व करिश्मा व दीपिका चांद ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। वहीं, दूसरे मैच में अब तक एक भी नहीं जीत पाई केकेसीए की टीम के न पहुंचने के कारण राइजिंग स्टार को वॉक ओवर दे दिया गया।
कोच जेपी नौटियाल ने बताया कि बल्लेबाजी करने उतरी वंडर्स क्रिकेट क्लब की टीम ने 19.4 ओवर में 48 रन बनाए और उनकी पूरी टीम आउट हो गई। वंडर्स क्रिकेट क्लब के लिए सलामी बल्लेबाज तान्या ने सर्वाधिक 17 रन बनाए। दिल्ली चैलेेंजर्स टीम के लिए अमीषा ने तीन, कप्तान तारा बिष्ट और मोनिका ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली चैलेंजर्स टीम की सलामी बल्लेबाज करिश्मा राणा (22) और दीपिका चांद (20) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 3.4 ओवर में दस विकेट से मैच जिता दिया। अमीषा बहुखंडी को प्लेयर ऑफ द मैच व बेस्ट बॉलर और करिश्मा राणा को बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया।
-
सेमीफाइनल के दो स्थानों के लिए मुकाबले
ग्रेटर नोएडा। कोच ने बताया कि गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट में बीबीसी और रावल अस्पताल की टीम बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सेमीफाइनल में प्रवेश पा चुकी हैं। अब सेमीफाइनल के दो अन्य स्थानों के लिए मुकाबले चल रहे हैं। मंगलवार को होने वाले मैच से दो अन्य टीम का फैसला हो जाएगा। बुधवार को दोनों ग्रुप में टॉप-2 में रहने वाली चार टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा।