फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छावनी में बदला दादरी, मुख्य मार्गों पर रही नाकाबंदी, कई लोगों की गिरफ्तारी

विज्ञापन
दादरी के चिटहेरा स्थित शिव मंदिर में महापंचायत में ट्रैक्टर पर खड़े होकर डांस करते लोग। संवाद - फोटो : Grnoida
विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा। गुर्जर महापंचायत को रोकने के लिए दादरी व चिटहेरा में पुलिस बल तैनात रहा। प्रतिमा स्थल को छावनी में तब्दील कर दिया गया। पंचायत में शामिल होने के लिए सहारनपुर, मुज्जफरनगर, गुरुग्राम समेत अन्य शहरों से आए लोगों की दिनभर गिरफ्तारियां होती रहीं।
विज्ञापन

दादरी आरओबी, दादरी तिराहा, मिहिर भोज इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, बालिका विद्यालय के गेटों के ताला बंद कर पुलिस तैनात की गई थी। दादरी तिराहा बेरिकेड लगाकर बंद किया गया था। पंचायत में शामिल होने के लिए सुबह करीब साढ़े नौ बजे लोगों का जत्था पहुंचा, लेकिन उन्हें बाइपास से चिटहेरा भेज दिया गया। वहीं, चिटहेरा के शिव मंदिर परिसर में सुबह जो भी पहुंचा उसे पुलिस लाइन भेज दिया गया।
गिरफ्तार लोगों में प्रमुख रूप से समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी, गुरुग्राम से राष्ट्रीय गुर्जर समन्वय समिति के अध्यक्ष अंतराम तंवर, फरीदाबाद से कार्यपालक अध्यक्ष रणवीर चंदीला, राजस्थान गुर्जर आरक्षण आंदोलन समिति के प्रवक्ता डॉ. रूप सिंह, गुर्जर विद्या सभा के अध्यक्ष राधाचरण भाटी, अखिल भारतीय फ्रंट के अध्यक्ष नवीन भाटी, वीर गुर्जर सभा के अध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर, सपा नेता पवन गुर्जर, बागपत से मनोज गुर्जर, बागपत से मनोज गुर्जर, मनोज पावला, रमन हेडा, हरीश गुर्जर, बच्चन भाटी, प्रशांत भाटी, सुदेश यादव आदि शामिल रहे।
विज्ञापन

भाजपा मुर्दाबाद के लगते रहे नारे
वक्ताओं के भाषण के दौरान युवा गुर्जर-गुर्जर और भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। कई बार पुलिस और युवकों में झड़प भी हुई, लेकिन आला अफसरों ने स्थिति बिगड़ने से पहले ही संभाल ली। एक युवक ने भीड़ के बीच से दादरी प्रतिमा स्थल के लिए कूच करने का आह्वान कर डाला। कुछ लोग उसके पीछे चले, लेकिन कुछ दूरी पर पुलिस ने रोक लिया। स्थिति पर नजर रखने के लिए अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था लव कुमार, एडिशनल डीसीपी नोएडा रणविजय सिंह, एडिशन डीसीपी ग्रेटर नोएडा विशाल पांडेय समेत कई एसीपी समेत जनपद के थानों की पुलिस बल के साथ ही पीएसी तैनात रही।
लोगों की समझदारी व पुलिस के संयम आया काम
महापंचायत के दौरान पुलिस और गुर्जर समाज के लोगों के बीच तीन बार विवाद हुआ। बात धक्कामुक्की तक पहुंच गई। इस बीच लोगों ने समझदारी से काम लिया। पुलिस ने भी संयम बरता और लोगों को छोड़ दिया।
‘डीएनए टेस्ट होना चाहिए’
महापंचायत में समाज के लोगों ने कहा कि गुर्जर शब्द को हटाने में समाज के ही लोगों की भूमिका रही। वे लोग अपने आप को गुर्जर कहते हैं। ऐसे लोगों का डीएनए टेस्ट होना चाहिए, ताकि उनकी असलियत पता चल सके।
ट्रैक्टर पर संगीत चलाकर किया डांस
महापंचायत स्थल के बाहर जीटी रोड पर गुर्जर समाज के युवाओं ने काफी मस्ती की। ट्रैक्टर पर तेज आवाज में संगीत चलाया और ऊपर चढ़कर डांस भी किया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ।
कोई छत पर तो कोई पेड़ पर बैठा
महापंचायत में युवा काफी उत्साह में थे। वे वक्ताओं की हर बात सुनना चाह रहे थे। जगह नहीं होने के कारण काफी युवा मंदिर भवन की छत पर चढ़ गए। कुछ ने पेड़ों पर बैठकर पंचायत को सुना।
लाउडस्पीकर ठीक कर दरियां बिछा दी गई थीं
चिटहेरा के शिव मंदिर में पंचायत की पहले से ही तैयारियां कर रखी थीं। मंदिर में लगे लाउडस्पीकर ठीक कर दरियां बिछा दी गई थीं। पानी की भी व्यवस्था की गई थी। सुबह दस बजे लोगों के मंदिर पर एकत्र होने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पहले जत्थे के करीब बीस लोगों को हिरासत में लिया। दूसरा जत्था श्याम सिंह के नेतृत्व में पहुंचा। पुलिस ने गिरफ्तारी प्रयास किया, लेकिन श्याम सिंह और सपा जिलाध्यक्ष इंदर नागर शांति से बात करने के लिए 11 बजे तक का समय लेकर पंचायत स्थल पर बैठ गए। देखते ही देखते लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें