तावडू। गांव खोरीकलां में बृहस्पतिवार रात आबिद पर दबंगों ने अवैध हथियारों से हमला कर दिया और एक लाख की नकदी तथा कीमती घड़ी लूट ली। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 11 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खोरीकलां निवासी आबिद ने बताया कि खोरी कलां में पेट्रोल पंप के पास उसका कबाड़ का गोदाम है। रात करीब 12:30 बजे वह गोदाम पर पहुंचा था। वहां पर खोरीकलां निवासी फक्कू, रसूल, पप्पू ,खालिद, अजरू, मुस्तकीम, हारून, लियाकत, काला, आसिफ व नजीब सहित अन्य लोग पहले से ही मौजूद थे। सभी ने लाठी-डंडे, फरसा और तमंचे से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। आरोप है कि मारपीट के दौरान दबंगों ने उनके हाथ से कीमती घड़ी और एक लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि 27 अप्रैल को उनके छोटे भाई शाहरुख के साथ आरोपियों की कहासुनी हुई थी, जिससे वह रंजिश रखे हुए थे। उसे इस कहासुनी के के बारे में मालूम नहीं था। पीड़ित का दावा है कि यह घटना वहां पर सीसीटीवी कैमरों में कैद है।