पांचवें बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में उमड़ी भीड़
मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार पर शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं का मंदिरों में आना-जाना लगा रहा। शहर के प्रमुख मंदिरों में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे। कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन भी किया गया। सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर, सिटी सेंटर स्थित श्री हनुमान मंदिर, सेक्टर-31, सेक्टर-19, सेक्टर-22, सेक्टर-59 और सेक्टर-60 स्थित हनुमान मंदिरों के अलावा सेक्टर-1 के पंचमुखी हनुमान मंदिर तथा सेक्टर-49 के बरौला स्थित श्री हनुमान धाम और शिव शक्ति हनुमान मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ किया और भगवान हनुमान से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिरों में बूंदी के लड्डू और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों के चलते पूरे दिन मंदिरों में भक्ति का माहौल बना रहा। सेक्टर-71, सेक्टर-49, सलारपुर, बरौला और सेक्टर-19 समेत कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसाद की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए थे।
गर्मी बढ़ने से आइस्क्रीम, लस्सी, छाछ और रायता किया अर्पित
सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। मंदिर के महासचिव संदीप पोरवाल ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भगवान को ठंडी तासीर वाला भोग अर्पित किया जा रहा है और मंदिर परिसर में कूलर की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि भोग में फल, सलाद, लस्सी, छाछ, रायता, ठंडी खीर, घिया की बर्फी, आइसक्रीम, दाल-चावल, चटनी और स्पंज रसगुल्ले सहित कई प्रकार के व्यंजन शामिल किए गए हैं। श्रद्धालुओं ने भी भगवान को अर्पित भोग का प्रसाद ग्रहण किया।