माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में लाइब्रेरी की किताबों का ऑडिट कराया जाएगा। विभाग की ओर से इसका भौतिक सत्यापन करके विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी कि विद्यालयों की लाइब्रेरी में कौनसी किताबें मौजूद हैं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि किस शिक्षण सत्र में कौन सी किताब खरीदी गई है।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों की बेहतर शिक्षा के लिए स्कूलों में लाइब्रेरी का संचालन किया जाता है। पुस्तकालय में हर साल बजट जारी होता है, जिससे किताबें खरीदी जा सकें। विद्यालयों में आने वाली किताबों की वास्तविक स्थिति परखने के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचकर इसका भौतिक सत्यापन करेंगे। अगर इसमें गड़बड़ी मिलती है तो तत्काल संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्कूल खुलने के साथ ही भौतिक सत्यापन का काम शुरू कर दिया जाएगा।