तावडू। अपराध शाखा तावडू की टीम ने अंतरराज्य मोबाइल शोरूम चोर गिरोह गैंग के मुख्य आरोपी को नगर के नये बस स्टैंड से काबू किया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में 6 राज्यों में 30 से अधिक वारदातों को अंजाम देने का गुनाह कबूला है।
तावडू अपराध शाखा प्रभारी सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि अपराध शाखा टीम को सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमा नं- 159 दिनांक 15 दिसंबर 2021 धारा 457, 380 थाना शहर तावडू व अन्य राज्यों में मोबाइल चोरी की वारदातों में वांछित अपराधी तारीफ पुत्र इसमाइल निवासी गांव बावला थाना सदर तावडू नगर के नये बस अड्डे पर खड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर अपराध शाखा की टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पिछले तीन महीने में हरियाणा, छतीसगढ़, मुंबई (महाराष्ट्र), गाजियाबाद, मेरठ (यूपी) व राजस्थान से मोबाइल चोरी की करीब 30 वारदातों में शामिल होने के अलावा तीन वर्ष पहले करोल बाग दिल्ली से अपने गिरोह सदस्यों के साथ मिलकर मोबाइल शोरूम तोड़कर मोबाइल चोरी करने का गुनाह कबूल किया है।