वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नोएडा शहर के 10 और ग्रामीण क्षेत्र के एक चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी इंचार्ज के अच्छा काम नहीं करने पर यह कार्रवाई की गई है। इनमें से कुछ को हाल ही में चौकी इंचार्ज बनाया गया था।
बताया जा रहा है कि वारदात का खुलासा नहीं करने के बारे में थाना प्रभारियों से पूछा गया तो उन्होंने चौकी इंचार्ज पर सहयोग न करने का आरोप लगाया था। जिसके बाद उन्हें लाइन हाजिर किया गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही कुछ इंस्पेक्टरों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
एसएसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने शुक्रवार को अजायबपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार, निठारी चौकी इंचार्ज विनोद त्रिपाठी, जलवायु विहार चौकी प्रभारी नसीम अहमद, डीएलएफ चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह, सेक्टर-29 चौकी प्रभारी रवि तोमर, फिल्मसिटी चौकी प्रभारी दीपक यादव, जीआईपी मॉल चौकी प्रभारी सतीश कुमार, एक्सप्रेसवे चौकी प्रभारी नीरज कुमार, सेक्टर-110 चौकी प्रभारी रहीस अहमद, सेक्टर-51 चौकी प्रभारी रवि भूषण शर्मा और सेक्टर-47 चौकी प्रभारी वीर नारायण को लाइन हाजिर कर दिया।
काम नहीं तो अच्छी नियुक्ति भी नहीं
एसएसपी की ओर से जिले के पुलिस कर्मचारियों को लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही जा रही है। अगर पुलिसकर्मी द्वारा अपराध रोकने और घटनाओं का खुलासा करने में फिसड्डी रहते हैं तो उनको महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी जा सकती है। दो दिन पहले ही यातायात पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था। इससे पहले 15-16 पुलिसकर्मियों को वसूली के आरोप में सस्पेंड और लाइन हाजिर किया गया था।