राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत बंटने वाले राशन की कालाबाजारी बंद नहीं हो रही है। जिला प्रशासन की टीम ने रविवार को साबौता गांव में राशन के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान गोदाम में 8562 चावल के कट्टे मिले है। ज्यादातर कट्टों पर हरियाणा सरकार लिखा हुआ है। देर शाम तक जांच करने के बाद टीम ने गोदाम सीज कर दिया।
उप जिलाधिकारी जेवर प्रसून द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। अप्रूवल के लिए डीएम को तहरीर भेज दी गई है। उन्होेंने बताया कि रविवार सुबह चावल की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। प्रशासन की टीम साबौता गांव पहुंची।
वहां एक दुकानदार के घर से एक गाड़ी से उतरते सरकारी चावल के 50 कट्टे पकड़े गए। टीम आरोपी और चावल से लदी गाड़ी को लेकर थाने पहुंची। जांच में कट्टों पर हरियाणा सरकार लिखा मिला। आरोपी ने बताया कि वह 17 रुपये किलों की दर से चावल जेवर स्थित सरकारी गोदाम से लेकर आया है।
जिसके बाद पुलिस व तहसील की टीम ने गोदाम पर छापेमारी कर हरियाणा सरकार लिखे आठ हजार से अधिक कट्टे बरामद किये। अब विपणन विभाग सबौता निवासी दुकानदार व गोदाम के एसएमआई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।
साबौता गांव से सरकारी राशन की 50 चावल के कट्टे पकडे़ गए है। वहीं, जेवर स्थित गोदाम में 8,562 बोरे चावल पर हरियाणा सरकार का मार्का लगा है। दोनों जगह के बोरों के मिलान के बाद पर जांच कराई गई है। जांच पूरी न होने की वजह से गोदाम सील करा दिया गया है।-
श्याम जीत शाही, नायब तहसीलदार