शादी का झांसा देकर ब्यूटीशियन से दुष्कर्म
नोएडा। शादी का झांसा देकर एक ब्यूटीशियन के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पिछले करीब दो महीने से युवती के साथ दुष्कर्म कर रहा था। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो वह भाग गया। पीड़िता ने कोतवाली फेज थ्री पुलिस से शिकायत की है। नेपाल की रहने वाली युवती फेज थ्री कोतवाली क्षेत्र में रहती है। वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। युवती ने बताया कि पिछले दो महीने से नेपाल के काठमांडू का रहने वाला मनेंद्र थापा शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। शादी के लिए बार-बार कहने पर बहाने बना रहा था। युवती ने बताया कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो मनेंद्र बृहस्पतिवार रात अपना कमरा खाली कर भाग गया। ब्यूरो
---------
बदमाशों ने सुपरवाइजर को लूटा
नोएडा। सेक्टर-66 बिजलीघर के पास बदमाशों ने सुपरवाइजर का मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने कोतवाली फेज थ्री पुलिस से घटना की शिकायत की है। नोएडा एक्सटेंशन के इटेड़ा गांव निवासी शोभित चौधरी सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर हैं। वह शुक्रवार रात करीब 9 बजे कंपनी से निकल घर जा रहे थे। सेक्टर-66 मामूरा बिजली घर के पास उनके मोबाइल पर किसी जानकार की कॉल आ गई। वह बाइक खड़ी कर मोबाइल पर बात करने लगे। तभी रांग साइड से एक बाइक पर आए दो बदमाश उनका मोबाइल लूटकर भाग निकले। ब्यूरो