बिजली विभाग द्वारा शहर के तीन गांवों में बिजली चोरी पकड़ने के लिए छापेमारी की गई। दो दिन में 584 उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की। इसमें सात उपभोक्ता बिजली चोरी करते मिले। जांच अभियान में विभाग को 60 लाख रुपये की बिजली चोरी मिली।
टीम ने सलारपुर गांव में छापे की कार्रवाई की। पांच सदस्यीय टीम ने 210 उपभोक्ताओं के कनेक्शन की जांच की। इस अभियान में 30 लाख रुपये की बिजली चोरी मिली।
वहीं शनिवार को विभाग की टीम ने सदरपुर और छलेरा गांव में 374 कनेक्शन की जांच की। इस दौरान 30 लाख रुपये की बिजली चोरी मिली। अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है कि कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से बिजली चोरी हो रही है, इसलिए अचानक छापेमारी की जाएगी।
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम से मारपीट
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। यह घटना बहलोलपुर गांव में हुई। कोतवाली फेस-तीन में बिजली चोरी, मारपीट, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित कई धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।
बहलोलपुर गांव में जांच के दौरान हनुमान मंदिर के पास एक परिसर में बिजली चोरी मिली। लाइनमैन द्वारा अवैध कनेक्शन को काट दिया गया। इसी बीच संदीप यादव ने लाइनमैन दिनेश से केबल छीन ली। फिर दिनेश और सुनील शुक्ला के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। एसडीओ और जेई द्वारा हस्तक्षेप करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।