बेटी की मौत के बाद पिता ने गैंगरेप का केस दर्ज कराया
नूंह।
रोजकामेव थाना अंतर्गत गांव खोड़ बसई में एक नाबालिग लड़की के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आ गया। परिजनों ने उससे सामूहिक दुष्कर्म होने की बात कहकर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया। कुछ सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, वहां की रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
लड़की के पिता ने पुलिस को शिकायत में कहा है कि वह 30 अप्रैल को पत्नी के साथ एक रिश्तेदारी में गए हुए थे। उनकी 17 वर्षीया बेटी घर में अकेली थी। आरोप है कि आरोपी इकराम, अकरम, नासिर, इरशाद, मारुल, मुबारिक, जमशेद व वसीम दो बाइक व एक कार से आए और उनकी बेटी का अपहरण कर लिया। आरोप है कि उन्होंने माहोन रोड की तरफ ले जाकर उसके साथ गैंग रेप किया। बाद में उसे वहीं छोड़कर भाग गए। उनका भतीजा वहां से गुजरा तो लड़की बदहवास मिली। उसने उसे घर पहुंचाया। बाद में लड़की ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया व नूंह सीएचसी में रखवाया। उसका मंगलवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। रोजकामेव थाना प्रभारी जयभगवान त्यागी ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मामले की जांच चल रही है।