इटावा के लिए उपयोगी....
बेटी के इलाज को उधार लिए रुपये बदमाशों ने लूटे
- पीड़ित के गुहार लगाने पर भी बदमाशों का दिल नहीं पसीजा
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-71 पेट्रोल पंप के पास एक सुरक्षा गार्ड से तमंचे के बल पर मोबाइल और पर्स लूट लिया। पर्स में 2300 रुपये थे, जिन्हें उसने बेटी के इलाज के लिए साथी से उधार लिया था। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
इटावा निवासी हरीश यदुवंशी परिवार के साथ छिजारसी गांव में किराये पर रहते हैं। वह सेक्टर-51 स्थित एक बिल्डर साइट पर सुरक्षा गार्ड हैं। सोमवार देर रात बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना पत्नी ने दी। हरीश ने साइट पर एक साथी को जिम्मेदारी दी और उसी से बेटी के इलाज के लिए 2000 रुपये लिए, जबकि 300 रुपये उसके पास थे। रुपये लेकर वह घर के लिए निकला। जब वह सेक्टर-71 पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो एक बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया और तमंचे के बल पर रुपये और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने बदमाशों के सामने गुहार लगाई कि वह रुपये उधार लेकर बेटी का इलाज कराने के लिए ड्यूटी से घर जा रहा है। मगर बदमाशों का दिल नहीं पसीजा और उससे रुपये लूट ले गए। पीड़ित ने बताया कि घर पहुंचकर बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया और किसी अन्य परिचित से फिर 2000 रुपये उधार लेकर इलाज कराया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
----------
हरदोई के लिए उपयोगी......
पिता के इलाज के लिए भेज रहे थे रुपये, ठग उड़ा ले गए
नोएडा। थाना सेक्टर-58 स्थित एक बैंक में रुपये जमा करने गए युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बदमाश 15 हजार रुपये ठग ले गए। पीड़ित को जब होश आया तो उसने पुलिस को घटना की सूचना दी। हरदोई निवासी प्रमोद खोड़ा कॉलोनी में रहते हैं। वह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-58 स्थित एक बैंक में रुपये जमा करने गए थे। पैसे जमा करने के लिए पर्ची भर रहे थे। उसी समय दो युवक बैंक में आए और उनकी मदद के बहाने से पास आकर किसी को कॉल करने के लिए फोन मांगा। वह बात करते हुए बाहर निकले तो पीड़ित भी अपना फोन लेने के लिए बाहर गया। उसी समय नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके पास से 15 हजार रुपये लेकर भाग गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता बीमार हैं और उनके इलाज के लिए रुपये मां के खाते में भेज रहे थे। ब्यूरो