मस्जिद के बाहर बवाल मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार
- जुलूस के लिए मुस्लिम समुदाय की दो समितियों में हुई थी झड़प
- 5 लोग हुए थे घायल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। वेलकम इलाके में दो गुटों के बाहर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को एक मस्जिद के बाहर मुस्लिम समुदाय की दो समितियों के बीच ईद मिलाद-उन्नबी के जुलूस में यह बवाल हुआ था, जिसमें 5 लोग घायल हुए थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान आरिफ, मशकूर, शान-ए-आलम, शहाबुद्दीन और नवेद के रूप में हुई है, इनके अलावा पुलिस ने एक युवक को हिरासत में भी लिया है। शाने आलम (28) और नावेद (23) दोनों अलग-अलग गुटों के सदस्य हैं और इनकी शिकायत पर ही पुलिस दोनों पक्षों पर मारपीट और बलवा समेत अन्य धाराओं के तहत क्रॉस केस दर्ज किया था। इस मामले में कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
ईद मिलाद- उन्नबी पर वेलकम इलाके में दो समितियों की तरफ से जुलूस निकाला गया था। बीते शुक्रवार को मस्जिद में जुम्मे की नमाज के बाद मस्जिद के इमाम ने एक समिति के जुलूस की काफी तारीफ की, इससे दूसरी समिति के सदस्य नाराज हो गए। इसके बाद जब दोनों समितियों के सदस्य मस्जिद से बाहर निकले तो उनके बीच झड़प हो गई। इस बीच लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें फेंकी। इसके साथ ही कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की थी। बवाल की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उपद्रवियों को तितर-बितर किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने एकता कमेटी के सदस्यों के साथ इलाके में दौरा किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रेन की चपेट में आया कांस्टेबल, मौत
नई दिल्ली। दिल्ली के पालम इलाके में ट्रेन की चपेट आकर एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई। रेलवे पुलिस उपायुक्त दिनेश गुप्ता के मुताबिक मृतक की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है। वह थर्ड बटालियन में तैनात था। देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि एक पुलिसकर्मी रेलवे लाईन पर ट्रेन की चपेट में आ गया है। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस व रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये नजदीकी अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस को घटना के कारणों के बारे में पता नहीं लग सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो
.