गाजियाबाद के ध्यानार्थ
--
संपत्ति विवाद में दो भाइयों पर जानलेवा हमला
- चाकू से किया वार, एक की हालत गंभीर
- पिता ने अपने दो भाइयों समेत पांच को नामजद कराया
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव में एक ही परिवार के दो पक्षों में संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। दोनों भाइयों को गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत चिंताजनक बताई गई है। घायल भाइयों के पिता ने अपने दो भाइयों समेत परिवार के पांच लोगों को नामजद कर केस दर्ज कराया है।
पुलिस के मुताबिक, सादुल्लापुर निवासी ऋषिपाल सिंह का अपने भाई वीरपाल व अमरपाल से संपत्ति के बंटवारे में एक रास्ते को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। बताया गया है कि इस विवाद को लेकर पंचायत में समझौता भी हो गया था। मंगलवार रात एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। ऋषिपाल सिंह का आरोप है कि मंगलवार को उनके बेटे जितेंद्र सिंह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके भाई वीरपाल, अमरपाल, भाभी आनंदी देवी और भतीजे राकेश व राजेश ने दुकान पर आकर जितेंद्र पर चाकू से कई वार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे बचाने पहुंचे दूसरे बेटे हरेंद्र पर भी आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
आरोपी दोनों को गंभीर अवस्था में छोड़कर भाग गए। लोगों की मदद से दोनों जितेंद्र व हरेंद्र को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां जितेंद्र की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। मामले में ऋषिपाल सिंह ने पांच आरोपियों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। ईकोटक-3 थाना प्रभारी अनिता चौहान का कहना है कि संपत्ति विवाद में दोनों भाईयों के परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। शिकायत के आधार पर वीरपाल, आनंदी देवी, राकेश, राजेश व अमरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।