नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म
- कुछ माह पहले पीड़िता की आरोपी से हुई थी जान पहचान
- पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दे रही है दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अमन विहार इलाके में नौकरी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवती अपने परिवार के साथ अमन विहार इलाके में रहती है। कुछ माह पूर्व उसकी मुलाकात कंझावला निवासी युवक से हुई। बातचीत के दौरान युवती ने युवक को बताया कि उसे काम की जरूरत है, कोई जान पहचान वाले हो तो वह उसकी नौकरी लगवा दे।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसे नौकरी दिलवाने का बहाना कर कंझावला में बुलाया और फिर एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शाम को किसी तरह पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी युवक फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।