मुरादाबाद के लिए:::
एयरपोर्ट पर एनआरआई समेत दो लोगों का पर्स चोरी
- सीआईएसएफ ने दोनों बदमाशों को दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर चोरों ने एक एनआरआई समेत दो लोगों का पर्स चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग पाते इससे पहले ही सीआईएसएफ ने उन्हें दबोच लिया। दोनों की पहचान मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी मोहम्मद यामिन और बरकत अली के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गुरुग्राम के सेक्टर-58 निवासी पंकज मेहरा मंगलवार रात अपने रिश्तेदारों को लेने के लिए इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक उनके सामने गिर गया और फिर उनका पैर पकड़कर धीरे-धीरे खड़ा होकर वहां से चला गया। बाद में पंकज को अहसास हुआ हुआ तो उन्होंने अपना जेब टटोला तो पर्स गायब था। पंकज ने शोर मचाने पर सीआईएसएफ के जवानों ने भाग रहे युवक को पकड़ लिया। आरोपी यामिन के पास से पंकज का पहचान पत्र मिला। पंकज ने बताया कि उसके पर्स में पांच हजार रुपये के अलावा अन्य कागजात थे। उन्हें शक है कि बदमाश ने पर्स को अपने सहयोगी के हवाले कर दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एक अन्य मामले में एनआरआई हरभजन सिंह मंगलवार देर रात कनाडा से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें पंजाब जाना था। इसलिए वह एयरपोर्ट पर कश्मीरी गेट जाने वाली बस में सवार होने लगे। तभी गेट पर खड़े युवक ने उनका पर्स निकाल लिया। चोरी का अहसास होने पर हरभजन सिंह ने शोर मचाया। तभी युवक अगले दरवाजे से नीचे उतर गया। हरभजन भी बस से नीचे उतरकर शोर मचाने लगे। एयरपोर्ट पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने भाग रहे बदमाश को दबोच लिया। उसके जेब से हरभजन का पर्स मिल गया। पकड़े गये बदमाश की पहचान मुरादाबाद निवासी बरकत अली के रूप में हुई।