कंधे पर गोली लगने के बावजूद दूल्हे ने लिए फेरेे
आंबेडकर नगर में गोली मारने का मामला
कुछ युवकों का बारातियों के साथ हुआ था झगड़ा
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण जिले के आंबेडकर नगर इलाके में सोमवार रात को गोली लगने के बावजूद दूल्हे ने फेरे लिए। गोली दूल्हे के कंधे पर लगी थी। दूसरी तरफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मंगलवार शाम तक दूल्हे को गोली मारने वालों का सुराग नहीं लगा था।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खानपुर जेजे कॉलोनी तिगड़ी निवासी बादल (25) की बारात सोमवार रात को आंबेडकर नगर के मदनगीर इलाके में गई थी। चढ़ाई के दौरान दूल्हा बादल बग्गी में बैठा हुआ था। चढ़ाई के दौरान वहां से गुजर रहे कुछ युवकों का बारातियों से झगड़ा हो गया। कुछ देर बाद बादल बग्गी से उतर गया। उसने अपने जीजा कुलदीप को बताया कि उसके कंधे पर गोली लगी है और खून निकल रहा है।
जीजा कुलदीप ने अन्य बारातियों के साथ वहां से गुजर रहे एक शख्स की बाइक छीनी और बादल को बत्रा अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, बाइक सवार ने 100 नंबर पर बाइक छीनने की कॉल कर दी। पुलिस को बादल को गोली मारने की सूचना रात पौने ग्यारह बजे मिली।
अस्पताल में पता लगा कि बादल के कंधे की हड्डी में गोली फंसी हुई है, लेकिन बादल ने डॉक्टरों से दुल्हन के साथ फेरे लेने की इच्छा जताई। इस पर डॉक्टरों ने उसे अनुमति दे दी। बादल ने तड़के चार बजे मंडप में पहुंचकर फेरे लिए। इसके बाद बादल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हुआ।
मौके पर मिली लावारिस बाइक
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौके से पुलिस को एक लावारिस बाइक मिली है। दूल्हे को गोली कैसे लगी, ये जांच का विषय है। हो सकता है कि चढ़ाई के दौरान जो झगड़ा हुआ था, उसमें बाहरी युवकों ने गोली चला दी और बग्गी में बैठे दूल्हे को लग गई। ये भी हो सकता है कि किसी ने दूल्हे को जानबूझकर गोली मारी हो। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।