राहगीरों से टकराकर उड़ा लेता था मोबाइल, बुजुर्ग ने पकड़वाया
- एक महिला व बुजुर्ग का उड़ा चुका था मोबाइल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विवेक विहार पुलिस ने बुजुर्ग की मदद से एक ऐसे बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो सामने से आ रहे व्यक्ति से टकराकर उसका मोबाइल या पैसा उड़ा लेता था। आरोपी की पहचान बंटी (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित अनिल शर्मा (59) परिवार के साथ झिलमिल कालोनी में रहते हैं। वह डीडीए में नौकरी करते हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे वह अपने पोते के साथ बाजार गए थे। तभी सामने से आ रहा युवक महिला से जानबूझकर टकराकर गया और उसका मोबाइल उड़ा लिया। महिला ने शोर मचाया। तभी अनिल शर्मा ने देखा तो उनका भी मोबाइल फोन भी गायब था। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिसकर्मी पहुंच गए। अनिल शर्मा भी पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी को ढूंढने लगा। तभी उनकी भीड़ में आरोपी पर नजर पड़ी तो पुलिसकर्मियों को बुलवाकर पकड़वा दिया।