लोनी गाजियाबाद के लिए भी उपयोगी
नवीन खाती गिरोह के बदमाशों ने
मारी थी सिपाही को गोली
तीन गिरफ्तार, कई मामलों में सजा काट चुके हैं तीनों आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पटेल नगर इलाके में दिल्ली पुलिस के सिपाही को गोली नवीन खाती गिरोह के बदमाशों ने मारी थी। दिल्ली पुलिस ने इसके तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एक पिस्टल, कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। तीनों बदमाशों पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और ये कई मामलों में सजा भी काट चुके हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश जखीरा झुग्गी निवासी लखविंदर (27), रफीउल्लाह (25) और लोनी गाजियाबाद निवासी लाल सिंह (30) हैं। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात पटेल नगर थाने का सिपाही अमरजीत एक मामले की जांच के लिए सादे कपड़ों में जखीरा झुग्गी गया था। वहां दो गुटों के बीच झगड़ा देख उसने बीच-बचाव करा दिया। एक पक्ष के लखविंदर ने अमरजीत को दूसरे पक्ष का समझकर उसके पेट में दो गोलियां मार दीं। पटेल नगर थाना पुलिस ने तफ्तीश के बाद दो बदमाशों पवन और राजू को दबोच लिया। उधर, क्राइम ब्रांच को 16 नवंबर को वारदात में शामिल रफीउल्लाह के पीतमपुरा आने की जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी की। रफीउल्लाह बाइक पर लखविंदर और लाल सिंह के साथ पहुंचा तो पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के बाद पुलिस ने बताया कि तीनों नजफगढ़ के नवीन खाती गिरोह के बदमाश हैं। इन्होंने 1 अक्तूबर को मोती नगर इलाके में कहासुनी के दौरान मीट कारोबारी मोहम्मद फैजान को गोली मार दी थी। 25 अगस्त को लखविंदर हत्या के मामले में जेल से निकला और जखीरा में सट्टा रैकेट चलाने लगा। उसने इलाके के लोगों में दहशत फैलाने के लिए मीट कारोबारी को गोली मारी थी।