पर्यटक स्थल घूमने के
लिए करते थे झपटमारी
- तीन बदमाशों को दबोचा, 18 मामले सुलझाने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पर्यटक स्थल घूमने के लिए ताबड़तोड़ झपटमारी और चोरी की वारदात करने वाले तीन बदमाशों को बाहरी जिले के स्पेशल स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। इनसे 15 मोबाइल फोन, एक स्कूटी और एक बाइक बरामद की गई है। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस ने वाहन चोरी और झपटमारी के 18 मामले सुलझाने का दावा किया है।
पुलिस उपायुक्त सेजू पी कुरुविला ने बताया कि पकड़े गए बदमाश मंगोलपुरी निवासी गुलशन, विकास और दुर्गेश हैं। स्पेशल स्टाफ के निरीक्षक सुखबीर मलिक ने एक सूचना के बाद इन्हें मंगोलपुरी औद्योगिक इलाके से उस समय घेराबंदी कर दबोचा, जब ये सामान बेचने के इरादे से आए थे। इनसे बरामद बाइक मोती नगर इलाके से चोरी हुई थी। बदमाशों ने बताया कि गैंग का सरगना गुलशन है। उस पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाशों ने बताया कि झपटमारी और चोरी के सामान को बेचकर वे पैसे जमा कर रहे थे, ताकि देश के मशहूर पर्यटन स्थल पर घूम सकें।