मंडोली जेल में कैदी पर ब्लेड और सुआ से हमला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । मंडोली जेल में कैदियों में मारपीट होने का मामला सामने आया है। चार कैदियों ने एक कैदी पर सर्जिकल ब्लेड और सुआ से हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने बीच बचाव कर पीड़ित कैदी को बचाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित कैदी ने चार नामजद कैदियों के खिलाफ हर्ष विहार थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गीता कालोनी इलाके का रहने वाला शफीक(23) हत्या के मामले में वर्ष 2013 से मंडोली जेल में बंद है। रविवार शाम दूसरे बैरक में बंद चार बदमाश राजेश, रोहित, संजय और राकेश उसके पास आये और उसपर ब्लेड और सुआ से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी कैदियों के चंगुल से उसे छुड़ाया। घायल कैदी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रंजिश की वजह से घटना को अंजाम दिया गया है।