पलवल और बल्लभगढ़ समेत अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
--
दोहरे हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से परिजनों में आक्रोश
- अगले सप्ताह एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। जमालपुर गांव के दोहरे हत्याकांड का करीब एक माह बाद भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इससे परिजनों में आक्रोश है। परिजन अगले सप्ताह एसएसपी कार्यालय का घेराव करने की तैयारी कर रहे है। मृतक पैरालंपिक पदक विजेता वरुण भाटी के परिवार के थे।
पिछले माह 12 अक्टूबर की रात को जमालपुर गांव में बदमाशों ने घर में घुसकर आजाद व उनकी पत्नी वेदवती की हत्या कर दी थी। जबकि, एक अन्य घर में घुसकर सुधीर व उनकी पत्नी को घायल कर दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच आगरा की टीम ने मुठभेड़ के बाद नरेश उर्फ भोला निवासी बल्लभगढ़, राजू निवासी पलवल व धर्मपाल निवासी अटवा पलवल को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया था। वारदात को अंजाम देने वाला बावरिया गिरोह का मुखिया भूरा व उसकी पत्नी, धर्मवीर बावरिया, राजेश, रोशन व उनका एक अन्य साथी सभी निवासी पलवल फरार हैं। उनको पुलिस अभी तक भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
वहीं परिजन खुलासे से संतुष्ट नहीं थे। बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। आरोप है कि पुलिस ने बदमाशों से जो चेकबुक और पासबुक बरामद दिखाई थी, पुलिस उनको घर से उठाकर ले गई थी। ग्रेटर नोएडा कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश चल रही है। कई अहम सुराग मिले है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।