जबरन बियर पिलाकर घरेलू सहायिका से रेप
पति के बुलाने का झांसा देकर साथ ले गए थे दो युवक
पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में काम करने वाली घरेलू सहायिका से दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दो युवक पति के बुलाने का झांसा देकर उसे साथ ले गए थे। युवकों ने सूरजपुर क्षेत्र स्थित एक मकान में उसे जबरन बियर पिलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मूलरूप से मध्यप्रदेश निवासी महिला ने कहा कि वह सोसायटी के फ्लैटों में खाना बनाने का काम करती है। वह कासना क्षेत्र के पाई थ्री सेक्टर में पति के साथ रहती है। रविवार को वह एक फ्लैट में खाना बना रही थी, तभी दो युवकों का उसके मोबाइल पर फोन आया।
महिला का आरोप है कि फोन करने वाले युवकों को पहले से जानती है, लेकिन उनका नाम नहीं जानती। उन्होंने कॉल कर कहा कि उसके पति ने बुलाया है। इसके बाद वह युवकों की गाड़ी मेें बैठकर चली गई। आरोप है कि युवकों ने रास्ते में बियर खरीदी और उसे लेकर सूरजपुर क्षेत्र में चले गए, यहां उससे दुष्कर्म किया।
इस मामले की सूचना मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है और उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। दो संदिग्ध आरोपियों को सीसीटीवी की मदद से पकड़कर पूछताछ की गई है। आरोपियों की पहचान होते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-रामफल सिंह, कासना कोतवाली प्रभारी