किशोर के साथ युवक ने की अश्लील हरकत
- पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। सुल्तानपुरी इलाके में 12 वर्षीय किशोर के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाला युवक, किशोर को बहला फुसलाकर पार्क में ले गया। जहां उसने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। पीड़ित के बयान पर पुलिस पॉक्सो के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, किशोर सपरिवार सुल्तानपुरी इलाके में रहता है। वह सरकारी स्कूल में पढ़ता है। आरोपी युवक उसके पड़ोस में रहता है और बेरोजगार है। आरोपी अकसर किशोर के घर आता-जाता रहता था। रविवार शाम आरोपी युवक, किशोर के घर पहुंचा। खेलने के बहाने वह किशोर को अपने साथ पार्क में ले गया। पार्क में आरोपी उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने किशोर के बाल पकड़ लिए और मारपीट की। अश्लील हरकत करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने परिजनों को सारी बात बताई। उसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने अन्य बच्चों के साथ भी इस तरह की हरकत की होगी।