संशोधित...हेडिंग में बदलाव किया गया है
अवैध संबंध में की गई थी पल्लेदार की हत्या
- पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महेंद्र पार्क इलाके में पल्लेदार सज्जन पासवान की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार दंपती को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या अवैध संबंधों को लेेकर की गई थी। आरोपियों की पहचान विनोद शाह और पत्नी काजल के रूप में हुई है। दंपती सज्जन की हत्या करने के बाद शव कमरे में बंद कर फरार हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, सज्जन पासवान रविदास नगर में किराए के मकान में रहता था। वह आजादपुर मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। उसका एक भाई पड़ोस के मकान में रहता है। रविवार सुबह सज्जन के भाई ने उसे कमरे में खून से लथपथ देखकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। जांच में पता चला कि सज्जन के पड़ोस में रहने वाला विनोद शाह परिवार के साथ फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विनोद की तलाश शुरू की। मंगलवार को पुलिस ने दंपती को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
विनोद ने पुलिस को बताया कि वह सज्जन के साथ 10 साल से काम करता था। सज्जन के उसकी पत्नी से अवैध संबंध थे। शनिवार रात जब उसकी नींद खुली तो दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखा। गुस्से में उसने ईंट उठाकर सज्जन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह काफी डर गया और परिवार के साथ वहां से फरार हो गया।
--------
बुुजुर्ग महिला संदिग्ध हालात में झुलसी, मौत
नई दिल्ली। मुकुंदपुर इलाके में एक बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में झुलसने से मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है। पुलिस जांच कर रही है कि महिला ने खुदकुशी की है या फिर वह किसी हादसे का शिकार हुई है। महिला की पहचान बुदिया(85) के रूप में हुई है। बुदिया की बेटी ने पुलिस को बताया कि वह कुछ दिन से बीमार थी। इसलिए दूसरी मंजिल के कमरे में रह रही थी। शाम को वह नीचे काम कर रही थी। जब वह कमरे में गई तो टीवी चल रहा था और बुदिया झुलसी अवस्था में फर्श पर पड़ी थी। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि सिर्फ महिला ही झुलसी है। घर का सारा सामान सुरक्षित है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।