दूसरे के स्थान पर टीचर की परीक्षा दे रही महिला गिरफ्तार
- पुलिस ने उसके पति को भी किया गिरफ्तार
- डीएसएसएसबी की ओर से आयोजित की गई थी परीक्षा
- प्रिंसिपल की शिकायत पर किया गया मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अब तक परीक्षाओं में आपको मुन्ना भाइयों के पकड़े जाने की खबरें मिलती रही हैं। लेकिन रविवार को दिलशाद गार्डन इलाके में एक महिला को दूसरी युवती के जगह पर टीचर के लिए आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। आरोपी की पहचान रिया (30) के रूप में हुई है। आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने पति के कहने पर वह दूसरे के जगह परीक्षा देने आई थी। पुलिस ने पति वरुण (32) को भी दबोच लिया है। फिलहाल रिया जिस युवती के बदले परीक्षा दे रही थी वह फरार है। जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राइमरी टीचर की यह लिखित प्रतियोगिता परीक्षा डीएसएसएसबी (दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड) की ओर से आयोजित की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में कई सेंटरों पर डीएसएसएसबी (दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड) की ओर से लिखित परीक्षा ली जा रही थी। इसका सेंटर दिलशाद गार्डन, सी-ब्लॉक स्थित स्कूल में भी बनाया गया था। सुबह करीब 9.30 बजे परीक्षा शुरू हुई। इसी दौरान कमरा नंबर-204 में मुख्य परीक्षा नियंत्रक नवीन कुमार सिंह जांच के लिए पहुंचे। उन्होंने एक परीक्षार्थी से प्रवेश पत्र मांगा तो उसपर लगी फोटो परीक्षार्थी से मेल नहीं खा रही थी। पूछताछ करने पर महिला सकपका गई। मामले की सूचना प्रिंसिपल संजय चावला को दी गई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने पति के साथ ओम विहार, उत्तम नगर में रहती है। वह अपने पति के कहने पर ही अंजू नामक युवती के स्थान पर परीक्षा देने आई थी। पुलिस ने सेंटर के बाहर से रिया के पति वरुण को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि कहीं यह कोई बड़ा रैकेट तो नहीं।