अशोक विहार में कंपनी के कर्मचारी से 12 लाख की लूट
-कर्मचारियों की सैलरी लेकर निकला था कंपनी का डेटा ऑपरेटर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली । अशोक विहार इलाके में वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार शाम हथियार बदमाशों ने निजी कंपनी के कर्मचारी से 12 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रह है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त असलम खान ने बताया कि पीड़ित आलोक कुमार अशोक विहार फेज-1 स्थित एक निजी कंपनी में बतौर डेटा ऑपरेटर है। शुक्रवार शाम को वह करीब 12 लाख रुपये मजदूरों की सैलरी लेकर कंपनी से वजीरपुर के लिए निकला था। इस बीच वजीरपुर पहुंचने पर स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने आलोक को रोक लिया। एक बदमाश ने रुपयों का बैग पिस्टल दिखाकर उससे लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने आलोक को बुरी तरह पीटा। बाद में वह फरार हो गए। इधर पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ लड़कों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामले को जल्द ही सुलझाए जाने की उम्मीद है।