चंपा हिमाचल और कश्मीर के लिए उपयोगी.......
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में सेना के दो
जवान हुए जहरखुरानी का शिकार
- न्यू उस्मानपुर इलाके में आईटीबीपी जवान के साथ हुई वारदात, ऑटो में बैठा कीमती सामान लूटा
- खजूरी खास में एयरफोर्स के जवान के साथ भी इसी तरह हुई लूटपाट
- दोनों अस्पताल में भर्ती, पुलिस रेलवे स्टेशनों पर कर रही मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में जहरखुरानी गिरोह सक्रिय हो गया है, जो सवारियों को ऑटो में बैठाकर अपना शिकार बनाता है। गिरोह ने आनंद विहार और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर सेना के दो जवानों के साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। आईटीबीपी और एयरफोर्स के इन जवानों को चाय और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और बेहोश होने पर लूटपाट के बाद एक को न्यू उस्मानपुर और दूसरे को खजूरी खास में फेंक दिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
आईटीबीपी का जवान विनीत कुमार (27) परिवार के साथ चंपा-हिमाचल प्रदेश में रहता है। वर्तमान में उसकी तैनाती गुवाहाटी में है। शनिवार सुबह करीब 10.10 बजे वह आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरा। पठानकोट जाने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। यहां उसे पता चला कि पठानकोट की ट्रेन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से मिलेगी। विनीत स्टेशन के बाहर से एक ऑटो में सवार हुआ। ऑटो में दो युवक पहले से बैठे थे। दोनों ने विनीत को कोल्डड्रिंक पीने के लिए दी। इसे पीने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया। होश आया तो वह न्यू उस्मानपुर में सड़क पर था। उसका बैग, 10 हजार रुपये, मोबाइल, आईकार्ड व अन्य सामान गायब था। विनीत को पहले जगप्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, दूसरे मामले में झारखंड निवासी सुजीत कुमार के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। सुजीत एयरफोर्स स्टेशन कश्मीर में तैनात हैं। शनिवार देर रात वह कानपुर से आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन के बाहर आकर उन्होंने गुरुग्राम के लिए ऑटो लिया। ऑटो में बैठते समय एक युवक सुजीत के पास चाय लेकर पहुंचा। उसने चाय पी। चालक ऑटो में उसे लेकर खजूरी खास पहुंच गया। वहां पहुंचकर चालक ने बहाने से ऑटो रोका। इधर, सुजीत बेहोश हो गया। रविवार को उसे होश आया तो उसने खुद को खजूरी चौक पर पाया। उसकी चेन, अंगूठी, पर्स, मोबाइल, आईकार्ड व अन्य सामान गायब था। पुलिस ने सुजीत को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है।