मेट्रो ट्रेन में चोरी करने वाली
तीन महिलाएं गिरफ्तार
- महिला यात्री के बैग से 2.4 लाख के गहने और 30 हजार रुपये किए थे चोरी
- पकड़ी गई महिलाओं पर पहले से दर्ज हैं मामले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यमुना बैंक मेट्रो थाना पुलिस ने मेट्रो ट्रेन में महिला यात्री के बैग से 2.4 लाख के गहने और 30 हजार रुपये चुराने के मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने गहने और रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी महिलाओं ने राजीव चौक से अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के बीच वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिये इन महिलाओं तक पहुंची।
मेट्रो पुलिस उपायुक्त दीपक गौरी ने बताया कि आरोपियों की पहचान आनंद पर्वत निवासी रीता, पूनम और सुमन के रूप में हुई है। मूल रूप से आंध्र प्रदेश की रहने वाली पी रेवती 7 अगस्त को सास और बहन के साथ मेट्रो ट्रेन से अक्षरधाम मंदिर जा रही थी। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर उसने बैग की चेन खुली हुई पाई। बैग में से सोने की आठ चूड़ियां और 30 हजार रुपये गायब मिले। उसने तुरंत यमुना बैंक मेट्रो थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आईपी इस्टेट मेट्रो स्टेशन पर तीन महिलाएं मेट्रो में सवार हुई थी और उसके पीछे आकर खड़ी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें तीन महिलाएं दिखी। जिन पर पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए शादीपुर स्थित कठपुतली कॉलोनी पहुंची। वहां पता चला कि इनकी झुग्गियों को हटा दिया गया है और अब वह सभी आनंद पर्वत इलाके में रहती हैं। पुलिस टीम ने छापा मारकर तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से सारा सामान मिल गया। आरोपियों ने बताया कि उनके पति रिक्शा चालक हैं और स्मैक के आदी हैं। परिवार का खर्च चलाने के लिए वारदात को अंजाम देती हैं। रीता और पूनम पर चोरी के दो मामले पहले से दर्ज हैं।